मंडी में सब्जी बेचते दुकानदार।
- फोटो : samvad
बाढ़ और बारिश के चलते सब्जी के दामों में इजाफा हुआ है। हर सब्जी का जायका बढ़ाने वाला टमाटर के दाम में तीस रुपये प्रति किलो के हिसाब से इजाफा हो गया है। वहीं दूसरी तरफ हरा धनिया भी काफी महंगा बिक रहा है। इसके अलावा लौकी और परवल के दाम में 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। बाढ़ और बारिश के चलते कुछ सब्जियों के दामों में इजाफा हुआ है तो कई के दाम के गिरावट भी आयी है। वर्तमान में टमाटर प्रति किलो 80 रुपये की दर से बिक रहा है।
जबकि दो दिन पहले टमाटर 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। टमाटर महंगा होने के बाद से लोगों ने सब्जियों में इसका इस्तेमाल कम कर दिया है। इसके अलावा सबसे अधिक हरे धनिया के भाव चढ़े हुए है । सब्जी की खरीदारी के दौरान पांच-दस रुपये में एक गड्डी मिलने वाला धनिया आज 300 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। इसके अलावा परवल के दाम भी बढ़ गये है। 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा परवल अभी 60 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। वहीं हरी मिर्चा के दाम कम हुए है। वर्तमान में हरी मिर्चा 80 रुपये किलो बिक रही है जबकि कुछ दिनों पहले यही मिर्चा 120 रुपये किलो बिक रही थी। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बरसात के समय हरी सब्जियों की उपज कम हो जाती है। वहीं लगातार बारिश होने से सब्जियों को बचाने में समस्या आती है। सब्जियां जल्दी खराब होने लगती हैं।