बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने बुधवार को मेगा ड्राइव अभियान के तहत बिलारीडीह, सरने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बिजली बकायदारों और अवैध कनेक्शन धारकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में बिजली चोरी के दो मामलों में मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि 93 बड़े बकायदारों के कनेक्शन काट दिए गए। टीम ने मौके पर ही 1.76 लाख रुपये का राजस्व भी वसूल किया।
अभियान के दौरान 9 घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि बिजली विभाग और विजिलेंस की पांच टीमें इस अभियान में लगी थीं। उनका लक्ष्य है कि बिजली चोरी और बकायों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। उपखंड अधिकारी विवेक कुमार ने कहा कि 10 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे। उन्होंने अपील की कि उपभोक्ता विच्छेदन तिथि से पहले अपना बकाया बिल जमा करें, बिजली चोरी से बचें और स्मार्ट मीटर लगाए जाने में सहयोग करें।