दीपावली और डाला छठ पर दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई आदि महानगरीय इलाके से पूर्वांचल आने वाली ट्रेनों में सीटों की मारामारी शुरू हो गई है। रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं लेकिन स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें फुल हैं।
इससे डाला छठ पर घर वापस लौटने वाले परेशान हैं। चंदौली जनपद सहित पूरे पूर्वांचल और बिहार से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, अहमदबाद सहित विभिन्न महानगरीय इलाकों में रहते हैं और निजी फैक्टरियों में काम करते हैं।
ऐसे लोग होली, दीपावली और डाला छठ पर घर वापस आते हैं। रेलवे की ओर से त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न महानगरों से 24 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई गई है। बावजूद इसके ट्रेनों में सीट फुल हो चुकी है।
दीपावली के पूर्व दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की स्थिति देखें तो 18 से 25 अक्तूबर तक नेताजी एक्सप्रेस, नंदन कानन एक्सप्रेस, महानंदा में सीट रिग्रेट है। वहीं नार्थईस्ट एक्सप्रेस के स्लीपर में 134 वेटिंग हैं जबकि थर्ड एसी, सेकेंड और फर्स्ट एसी में सीट रिग्रेट है।
यही हाल आनंद विहार रांची सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस में सीट रिग्रेट है। गया फेस्टिवल स्पेशल के स्लीपर में 152, थर्ड एसी में 157 जबकि हजरत निजामुद्दीन पटना स्पेशल के थर्ड एसी में 269, सेकेंड एसी में 97 वेटिंग हैं।
महाबोधी, दुरंतो, श्रमजीवी, विक्रमशिला, भागलपुर फेस्टिवल स्पेशल, डिब्रूगढ़ राजधानी, सियालदह राजधानी, हावड़ा राजधानी, भुवनेश्वर तेजस राजधानी, आनंद विहार मालदा टाउन, राजेंद्र नगर तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, जयनगर गरीबरथ एक्सप्रेस में सीट रिग्रेट है।
इसी तरह मुंबई से आने वाली ट्रेनों की स्थिति देखे तो 18 अक्तूबर को लोकमान्य तिलक डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक दानापुर स्पेशल, मुंबई सेंट्रल -कटिहार, लोकमान्य तिलक-राजगीर एक्सप्रेस, कोलकाता मेल, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सीट रिग्रेट है।
यही हाल चेन्नई से आने वाली ट्रेनों का भी है। चेन्नई से आने के लिए एसएमवीबी स्पेशल और संघमित्रा एक्सप्रेस में सीट रिग्रेट है। इस संंबंध में मंडल जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है।