जयमोहनी रेंज में अतिक्रमण हटाते रेंजर अखिलेश दुबे व वन विभाग के कर्मचारी। स्रोत:-जागरूक पाठक
जयमोहनी रेंज के शमशेरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत अतरवां गांव में सोमवार को वन विभाग ने वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। वनकर्मियों ने 18 झोपड़ियां ध्वस्त कर दीं। भैसौड़ा वन ब्लॉक के कंपार्टमेंट नंबर 14 में कुछ लोगों की ओर से झोपड़ी और नाद रखकर वन भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जंगल की कटाई कर जमीन को समतल बनाया जा रहा है और उस पर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
रेंजर अखिलेश दुबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनाई गई झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया। विभाग की कार्रवाई के दौरान झोपड़ी लगाने वाले और जंगल काटने वाले लोग मौके से फरार हो गए।
रेंजर अखिलेश दुबे ने बताया कि वन भूमि पर अतिक्रमण करना कानूनन अपराध है भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।