चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बाइक चालकों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के भगवान तालाब गांव के पास नेशनल हाईवे पर बिहार राज्य के दुर्गावती थाना क्षेत्र के कलवरिया गांव की नीतू सिंह (36) अपने भाई तरुण सिंह (28) के साथ बाइक से वाराणसी जा रही थीं। तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नीतू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे तरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी घटना बिछिया ग्राम के पास नेशनल हाईवे पर हुई। जहां अलीनगर थाना क्षेत्र के रोहड़ा गांव की चांदनी (26) अपने पति नंदन के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। रास्ते में एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में चांदनी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति नंदन की हालत गंभीर है और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं रविवार की दोपहर नवहीं के पास चंदौली-चकिया मार्ग पर मड़हर गांव समीप डंपर ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में अलीनगर के प्यारेलाल (45) की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे इंद्रजीत और नवरंग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी गंभीर बनी हुई है। सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जा रही है।