चकिया पुलिस की गिरफ्त में चांदी का सिक्का दिखाकर लाखों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय तीन अभियुक्
-तीनों आरोपियों के पास से 1.5 लाख नकद, दो बाइक और 5 सिक्के बरामद हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-03
चकिया/शिकारगंज। हेतिमपुर स्थित बाबा जागेश्वरनाथ मंदिर के पास धीरज मौर्य से 4 किलो चांदी का सिक्का देने के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। चकिया कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय तीन ठगों को पकड़ कर उनके पास से 1.5 लाख रुपये नकद, 5 सिक्के और दो बाइक बरामद की है। तीनों का चालान किया है।
चकिया कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए सीओ चकिया रघुराज ने बताया कि 28 नवंबर को धीरज मौर्य निवासी भेवर थाना पड़री मिर्जापुर ने शिकायत की थी कि चांदी के सिक्के देने के नाम पर दो लाख की ठगी की हुई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। कोतवाल अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम बुधवार को गश्त कर रही थी। इसी बीच छह बजे मंगरौर पुल के पास खंडहरनुमा कमरे में कुछ संदिग्ध लोग दिखे। उनको पकड़ कर पूछताछ की गई तो ठगी मामले का खुलासा हुआ। पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान पिंटू गिरी निवासी खरौली, थाना चांद कैमूर बिहार, सोहन निवासी गयापुर, शहाबगंज और चंद्रदेव निवासी अतायस्तगंज शहाबगंज बताया। तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पांच लोगों का गिरोह है। पिंटू गिरी ग्राहकों को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन करके अलग-अलग नाम बता कर सोना चांदी का व्यापारी बनते हैं, बताते हैं कि मेरे पास काफी मात्रा में चांदी है। चांदी के ढेर सिक्के औने-पौने दाम पर देने के नाम पर किसी स्थान पर बुलाकर नमूना दिखाते हैं। ग्राहक को पूर्ण विश्वास हो जाता है तो चांदी का सिक्का लेने को तैयार हो जाते हैं। इसक बाद संगठित होकर हम लोग उसे सहूलियत के हिसाब से बुलाते हैं। पैसे लेकर कुछ ही देर में चांदी के सारे सिक्के देने की बात कह कर वहां से रफुचक्कर हो जाते हैं। 28 नवंबर को पिंटू तथा उसके अन्य साथी ग्राहक धीरज के साथ चांदी का सिक्का देने के नाम पर 2 लाख की ठगी की थी। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि इस मामले में शिवराज चौहान उर्फ रोहित और शिवचरन की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।