टांडाकला। बलुआ थाना क्षेत्र के मारुखपुर चौकी के मजदहा बाजार स्थित रामलखन ज्वेलर्स की दुकान में सेंध लगाकर चोर ने लाखों के आभूषण उठा ले गए। चोर दुकान में से सीसीटीवी कैमरे का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी उखाड़ ले गए।
दुकानदार को बुधवार की सुबह घटना की जानकारी हुई। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी रही। पीड़ित के मुताबिक, लगभग 6 लाख रुपये की चोरी हुई है।
गाजीपुर के सैदपुर निवासी संजय सेठ की मजदहा बाजार में आभूषण की दुकान है। मंगलवार की रात वह दुकान बंदकर घर चले गए थे। देर रात दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुसे चोर 6 लाख रुपये के आभूषण उठा ले गए। सुबह 11 बजे जब संजय सेठ दुकान ने दुकान खोला तो अंदर का दृश्य देखकर अवाक हो गए। दुकान में सारा सामान बिखरा हुआ था। गहने गायब थे।
चोर दुकान में पीछे की दीवार को तोड़कर दुकान में घुसे थे। पीड़ित ने बताया कि चोर लाॅकर तोड़कर 150 ग्राम सोने के और 5 किलो चांदी के आभूषण उठा ले गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर सीओ रघुराज और बलुआ थाना प्रभारी आशीष मिश्रा मौके पर पहुंच गए। सीओ रघुराज ने बताया कि चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी उखाड़ ले गए है, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
दुकान मालिक ने अभी तक चोरी की घटना की लिखित तहरीर नहीं दी है। बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का पर्दाफाश किया जाएगा।