कंदवा। चिरईगांव में कर्मनाशा नदी के तट पर स्थित मां रेहड़ा भगवती मंदिर का ताला काटकर सोमवार की रात चोर पीतल के घंटे, बर्तन और तीन दान पेटी में पड़ी नकद धनराशि निकाल ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह तब हुई, जब मंदिर के पुजारी व अन्य लोग फाई और आरती-पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर की स्थिति देख पुजारी नित्यानंद पांडेय सन्न रह गए। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर जांच में जुट गई है।
कर्मनाशा नदी के किनारे करीब 500 साल पुराना मां रेहड़ा भगवती का मंदिर है। सोमवार की रात चोर हेक्सा ब्लेड से मंदिर का ताला काटकर उसमें लगे पीतल के घंटे, बर्तन, जनरेटर का अल्टीनेटर और तीन दानपेटी में पड़े दान के रुपये निकाल ले गए। मंदिर के पुजारी नित्यानंद पांडेय, हरवंश सिंह, मृत्युंजय नागवंशी और अमर जायसवाल आदि रात नौ बजे मंदिर बंद कर लौट गए थे। मंगलवार की सुबह पुजारी मंदिर की सफाई के लिए पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला कटा देख सन्न रह गए। अंदर गए तो चोरी का पता चला। मंदिर के पुजारी व ग्रामीणों ने तीनों दान पेटियों से 50-60 हजार रुपये नकद होने का अंदेशा जताया है। सीओ सदर राजेश कुमार राय ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।