सकलडीहा के इटवा में चोरी के बाद बिखरे पड़े सामान को दिखाता भुक्तभोगी। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के संघन तिराहे स्थित पुलिस चौकी से कुछ मीटर की दूरी पर स्थित एक बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने दरवाजा पांच हजार रुपये और लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह वापस लौटने पर गृहस्वामी को हुई तो उसके होश उड़ गये। पीड़ित से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अलीनगर थाना क्षेत्र के बरईपुर त्रिपाठ गांव निवासी जयश्री चौहान का सकलडीहा-चहनिया मार्ग पर इटवा गांव में मकान है। चार दिन पूर्व जयश्री खेती के कार्य बरईपुर त्रिपाठी गांव स्थित अपने घर आये हुए थे। बृहस्पतिवार की सुबह जब वे इटवा गांव स्थित अपने मकान पर पहुंचे तो वहां टूटा हुआ दरवाजा देख उनके होश उड़ गये। इसके बाद उन्होंने देखा कि दूसरे तल के एक कमरे में रखी आलमारी खुली हुई और उसका लॉकर टूटा हुआ है। उन्होंने बताया कि आलमारी में रखे पांच हजार नगदी और करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण गायब हैं। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे घर का मुआयना किया। इस बाबत कस्बा प्रभारी भूपेश चन्द्र कुशवाहा ने बताया कि चोरी की घटना के मामले में मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।