पीडीडीयू नगर। नगर स्थित जीटी रोड पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। साफ-सफाई के अभाव में डिवाइडर किनारे एकत्र धूल उड़ने से राहगीरों को काफी परेशानी होती है। वहीं दूसरी तरफ यात्रियों के बनाये प्रतिक्षालय भी गंदे पड़े हुए है। वही सड़क किनारे स्थित शौचालय में गंदगी है। जीटी रोड पर सफाई का यह हाल तब है जबकि इसके लिए तीस सफाईकर्मियों की ड्यूटी विशेष तौर पर लगाई गई है।
नगर के मुख्य मार्ग जीटी रोड को साफ रखने के उद्देश्य से ईओ और सफाई निरीक्षक ने बैठक कर तीस सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाये जाने का निर्णय लिया था। इसके तहत अलीनगर थाने से लेकर आईपी मॉल तक तीस सफाईकर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई थी। इसके तहत सभी सफाईकर्मीयों को सुबह पांच से दिन दस बजे तक व शाम को तीन से छह बजे तक सड़क की संपूर्ण सफाई करनी थी। इसके तहत डस्टबीन से कूड़ा निकालने से लेकर शौचालय, डिवाईडर से धूल हटाना, यात्री प्रतिक्षालयों की साफ-सफाई समेत अन्य कार्य किये जाने थे। टीम गठित हुए 15 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है। जीटी रोड की स्थिति अभी भी बदहाल है।
यात्री प्रतिक्षालयों के सुंदरीकरण के लिए उसे नगर पालिका को सुपुर्द किये जाने के बाबत डीएम को पत्र लिखा गया है, जिन स्थानों पर साफ-सफाई नहीं हो सकी है उसे जल्द ही साफ करा दिया जाएगा। कृष्णचंद्र, ईओ, नगर पालिका, पीडीडीयू नगर