धानापुर/कंदवा। कंदवा और धानापुर थाना क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर बुधवार की रात चोरों ने तीन दुकानों और एक घर को खंगाल डाला। चोरों ने धानापुर थाना चौराहा क्षेत्र में तीन दुकानों को निशाना बनाया और लगभग 50 हजार रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दुकानों की छत का पटिया हटाकर भीतर प्रवेश किया और सीसी कैमरा को पहले बंद कर दिया। इसी तरह कंदवा के तेल्हरा में स्टांप विक्रेता के घर से चोरों ने पांच हजार नकदी सहित कीमती साड़ियां चुरा ली।
धानापुर थाना से सटे चौराहे पर बुधवार की रात चोरों ने दीपू मोबाइल शॉप, रमेश स्वीट हाउस और विक्की मिष्ठान भंडार में चोरी की। सबसे पहले चोर दीपू के मोबाइल शॉप में घुसे और यहां से लगभग 20 हजार रुपये नकद, कुछ नए पुराने मोबाइल फोन चुरा लिए। वहीं रमेश स्वीट हाउस से करीब 25 हजार रुपये नकदी व मिठाई गायब कर दी गई। विक्की मिष्ठान भंडार में चोरी का प्रयास तो हुआ, लेकिन चोर सफलता नहीं पा सके। थाने के पास हुई इस वारदात से व्यापारियों में नाराजगी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
चोरी की सूचना पर ब्लाॅक प्रमुख अजय सिंह व्यापारियों के साथ थाने पहुंचकर नाराजगी जताई और जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पिछले हुई चोरियों का खुलासा जल्द हो जाएगा। इसी तरह कंदवा क्षेत्र के तेल्हरा गांव में बुधवार की रात स्टांप विक्रेता रविंद्र सिंह के घर में छत के रास्ते चोर घुस गए और पांच हजार रुपए नकदी सहित 10 कीमती साड़ियों पर हाथ साफ कर दिया। भुक्तभोगी को चोरी की जानकारी बृहस्पतिवार की सुबह हुई। तब इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच-पड़ताल में लगी है।
तेल्हरा गाॅव निवासी रविंद्र सिंह चंदौली कचहरी में स्टांप बेचते हैं। बुधवार की रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में और उनका पुत्र प्रशांत सिंह रघुवंशी उर्फ गणेश और उसकी पत्नी अपने कमरे में सो गए घर सो रहे थे। चोर बारजा के सहारे घर में घुस गए। चोरों ने पहले सभी लोगों के कमरे में बंद कर दिया और अन्य कमरों को खंगाल डाला। उसके बाद चोर एक बक्सा और अटैची लेकर गांव के पूर्व दिशा में पप्पू सिंह के खेत के मेढ़ पर बक्सा और अटैची को तोड़कर उसमें रखे पांच हजार रुपए नकदी और 10 कीमती साड़ियों पर हाथ साफ कर गए। चोरों को जो साड़ियां सस्ती लगीं उसे खेत में ही छोड़ गए।
बृहस्पतिवार की सुबह जब घर के सदस्यों की नींद खुली तो घर में बिखरा सामान देखकर सन्न रह गए। आस- पास खोजबीन किया गया तो गांव के पूर्व दिशा में पप्पू सिंह के खेत के मेढ़ पर टूटा बक्सा और अटैची सहित साड़ी कपड़ा बिखरा पड़ा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह कहना है कि चोरी की तहरीर मिली है। उसके आधार पर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।