क्षेत्र के खरौझा गांव के हिनौती मौजा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर चोर बृहस्पतिवार की देर रात चोर हनुमान जी का मुकुट, एक दर्जन घंटे, दान पेटी, एक छोटा बॉक्स, चांदी के पांच सिक्के, पूजा की थाली दो बल्ब, सहित पूजा सामग्री उठा ले गए। शु्क्रवार की सुबह लोग मंदिर का दरवाजा टूटा देखकर हैरान हो गए। लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी।
ग्राम प्रधान राजन सिंह ने पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद थानाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पुजारी व अन्य लोगों से बातचीत कर जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। तहरीर के आधार मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई। वहीं दूसरी तरफ मंदिरों में लगातार हो रही रही चोरी से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। कुछ ही दिनों पूर्व थाना क्षेत्र के बरियारपुर के कर्मेनडीह स्थित हनुमान मंदिर पर व खिलची के भिटिया स्थित शिव मंदिर पर एवं परमानंदपुर काली मंदिर में चोरी की घटना सामने आयी थी। चोरों ने हजारों रुपए के घंटा, मुकुट व सामानों पर हाथ साफ कर दिया था लेकिन अब तक उन मामलों का भी खुलासा नहीं हो पाया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह ने बताया कि शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।