चहनिया। कस्बा स्थित खंडवारी महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने महाविद्यालय स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता में स्वर्ण सहित कई पदकों पर कब्जा किया है। विजेता खिलाड़ियों को मंगलवार को कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मेडल देकर सम्मानित किया गया। विजेता खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के खेलो में प्रतिभाग करेंगे।
वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में विगत छह व सात दिसंबर को खेली गई बैडमिंटन प्रतियोगिता के युगल में कॉलेज के आनंद पांडेय व निशा यादव चैम्पियन रहे। वहीं मुसाहिब हुसैन, देवेश पांडेय, जितेंद्र पांडेय, अभिषेक विश्वकर्मा व अविनाश ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा आठ व नौ दिसंबर को हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जितेंद्र कुमार ने 100 मीटर दौड में, राजीव कुमार ने हाई जंप में, आशुतोष यादव ने लांग जंप में, पूजा यादव ने 100 मीटर दौड व लांग जंप में स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में ममता ने रजत, आरजू व सुमन तिवारी ने कांस्य पदक जीता। विजेता खिलाड़ियों को खंडवारी देवी ग्रुप आफ कालेज के निदेशक डा. आशुतोष सिंह ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कोच संतोष सिंह, अवनीश कुमार, अजय सिंह, विनोद रहे।