सकलडीहा। सकलडीहा बाजार में बनी नाली की रेलिंग बनने के दूसरे दिन ही ध्वस्त हो गई। कस्बा के व्यापारियों ने इसकी शिकायत सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव से की। व्यापारियों की शिकायत पर सोमवार को पहुंचे सकलडीहा विधायक ने नाली निर्माण में अनियमितता देख नाराजगी जताई। साथ ही मानक के अनुसार निर्माण न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कस्बा स्थित बाजार के निवासी व दुकानदार लंबे अरसे से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। बरसात के दिनों में सड़कें पानी मे डूब जाती हैं और गंदा पानी घरों व दुकानों में घुस जाता है। हर वर्ष बरसात का पानी दुकानों में घुसने से व्यापारियों की लाखों रुपयों की क्षति हो जाती है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के प्रयास से कस्बा में सड़क व नाली निर्माण की कवायद शुरू हुई। करीब पौने चार करोड़ की लागत से सड़क व दोनों तरफ नाली बनाने का कार्य शुरू हुआ। नाली निर्माण की धीमी गति से मूसलाधार बारिश में व्यापारियों का नुकसान जारी है। वहीं निर्माण के दूसरे दिन ही नाली की रेलिंग ढह गई। मानक की अनदेखी किए जाने की शिकायत सुनकर मौके पर पहुंचे सकलडीहा विधायक ने बताया कि नाली निर्माण में बरती गई अनियमितता की शिकायत डीएम से की गई है। कार्य मानक के अनुरूप नही हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।