कंदवा। सर्दी शुरू होने के साथ ही त्वचा में सूखेपन की समस्या बढ़ी है। शरीर पर पपड़ी, खुजली और लाल चकत्ते होने की समस्या लेकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। बरहनी पीएचसी की ओपीडी में एक माह पहले प्रतिदिन त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या जहां 10 से 15 होती थी, अब बढ़कर 25 से 30 हो गई है।
बुधवार को पीएचसी बरहनी में 73 मरीजों ने पंजीकरण करवाया। इसमें सबसे अधिक सर्दी, जुकाम, बुखार के बाद त्वचा रोगियों की संख्या रही। ओपीडी देख रहे डॉ. कुसुम ने बताया कि जैसे-जैसे मौसम सर्द हो रहा है, हवा में नमी भी कम हो रही है। इससे त्वचा शुष्क और रूखी होने लगती है। सर्दी में गर्म पानी से नहाने की वजह से भी त्वचा सूखी, रूखी हो जाती है। बाद में प्रभावित स्थान पर खुजली होने लगती है। ठंड के दिनों में हर उम्र के लोग ड्राइनेस की समस्या का शिकार हो जा रहे हैं। बताया कि पहले त्वचा में ड्राइनेस की समस्या लेकर 10 से 15 मरीज आते थे लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि त्वचा को ड्राइनेस से बचाने के लिए गुनगुने पानी से नहाने के बाद शरीर पर तेल की मालिश करें, अधिक पानी पीएं जिससे शरीर में पानी की कमी न हो।