पीडीडीयू नगर के जीटीआर ब्रिज पर जाम में फंसे लोग।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। डीएफसीसीआईएल (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) के तहत तीसरी लाइन बिछाये जाने के लिए नगर में जीटीआर ब्रिज के बगल में चल रहे निर्माण कार्य के चलते सोमवार को दिनभर लोग जाम से जूझते रहे। सुबह 10 बजे से जाम लगा तो दिन दिन में तीन बजे तक लोग जाम से जूझते रहे। मौके पर न तो थाने की पुलिस दिखी और न ही यातायात पुलिस का पता था। उमस भरी गर्मी में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। जब यातायात का दबाव कम हुआ तो दोपहर बाद जाम से थोड़ी राहत मिली।
डीएफसीसीआईएल (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) के तहत तीसरी लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए जीटीआर ब्रिज के पूर्वी छोर पर पुराने जीटी रोड को काटकर तीसरी रेलवे लाइन के लिए पक्के पुल का निर्माण किया गया है। इस दौरान आवगमन के लिए बगल से डायवर्जन रोड बनाया गया है। इसी से वाहनों का जीटीआर ब्रिज पर आवागमन हो रहा है। नए पक्के पुल पर पुराने जीटी रोड से संपर्क मार्ग बनाए जाने के कारण बगल में आवागमन के लिए बनी डायवर्जन रोड संकरी हो गई है। अब जब नए पुल का संपर्क मार्ग बनना शुरू हुआ और लाकडाउन में छूट के बाद लोग घरों से बाहर निकलना शुरू किए तो सोमवार को सपा कार्यालय से जीटीआर ब्रिज के उस पार तक लंबा जाम लग गया। चिलचिलाती धूप में लोग जाम में परेशान रहे। लोगों का कहना कि एक तरफ मार्ग सकरा होने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है वहीं दूसरी तरफ सड़क के गड्ढा युक्त होने के कारण भी वाहनों की गति धीमी हो जा रही है। इससे मार्ग पर पूरी तरफ से जाम लग जा रहा है। हाल यह रहा कि मौके पर न तो कोतवाली पुलिस दिखी और न ही यातायात पुलिस मौके पर रही। सुबह करीब 10 बजे से लगे जाम में दोपहर बाद लगभग तीन बजे तक जूझते रहे। जब वाहनों का आवागमन कम हुआ तब जाकर जाम से लोगों को राहत मिली।
कचहरी के पास लगा जाम
चंदौली। अनलाक वन में मिली छूट के बाद अब लोग घरों से बाहर निकलने लगे हैं। रविवार को कार्यालय और कचहरी बंद होने के बाद जैसे ही सोमवार को सब खुला तो लोग काम से सुबह निकल गए। चंदौली में कचहरी के पास दिन में कुछ देर के लिए जाम लग गया जिससे लोगों के आवागमन में काफी परेशानी हुई। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने जल्दी ही जाम से सड़क खाली करा दी।