फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: 82 केंद्रों पर होगी मॉडल परीक्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंदौली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा केंद्र तय होने के बाद अब बोर्ड द्वारा पहली बार मुख्य परीक्षा से पहले मॉडल (फुल ड्रेस रिहर्सल) परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह मॉडल परीक्षा जिले के 82 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी, जिसमें वास्तविक बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह मॉडल परीक्षा केवल औपचारिकता नहीं होगी, बल्कि इसे पूरी तरह फुल ड्रेस रिहर्सल के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मुख्य परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी खामी न रहे।
विज्ञापन

मॉडल परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण, समय प्रबंधन, अनुशासन व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, केंद्र व्यवस्थापन और सुरक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं का वास्तविक अभ्यास कराया जाएगा। डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील होने चाहिए और उनकी रिकॉर्डिंग अनिवार्य रूप से की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों में जाली, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं। परीक्षा की निगरानी के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी, जो केंद्रों का निरीक्षण कर किसी भी कमी को तत्काल दूर कराने के निर्देश देंगे। विशेष रूप से परीक्षा प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग को अनिवार्य किया गया है, जिसे बाद में बोर्ड को भेजा जाएगा। इससे परीक्षा व्यवस्था की खामियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा सकेगा और भविष्य में परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें