सकलडीहा। ऑक्सीजन प्लांट की सुविधा को लेकर सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने शनिवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सीएचसी पर व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं से विधायक को अवगत कराया। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने सीएमओ से वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का आग्रह किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीएचसी पर पिछले तीन साल से सिजेरियन ऑपरेशन की व्यवस्था शुरू नहीं की गई है और न ही सामुदायिक शौचालय बनवाया गया है। वहीं चहारदीवारी टूट जाने के कारण वार्ड में कोई भी चला आता है। बरसात के दिनों में ओटी और कर्मचारियों के रहने के लिए बनाए गए आवासों में पानी भर जाता है। हर साल मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किया जाता है।
सीएचसी पर मिटिंग हाल भी नहीं होने से आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को काफी समस्या होती है। ग्रामीणों की समस्या सुनकर विधायक ने सीएमओ से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आग्रह किया। कहा कि जरूरत पड़ने पर विधायक निधि से सीएचसी पर व्याप्त समस्याओं को दूर कराया जाएगा। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डा. संजय यादव, डा. बीके प्रसाद, मेजर डा. उपेंद्र पाठक, एचईओ रजनीकांत राय, बीपीएम उपेंद्र कुमार, साहिल अली, संतोष राय, नंदलाल चौरसिया मौजूद रहे।