नगर सहित जनपद के विभिन्न अंचलों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर
शुक्रवार को विद्यालयों से रैलियां निकाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दिया। वहीं संस्थाओं द्वारा विभिन्न जगहों पर पौधरोपण कर लोगों को जागरूक
किया गया।
इस क्रम में नगर के सकलडीहा रोड स्थित ज्योति
कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने शुक्रवार को रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण
के प्रति जागरूक किया। रैली को जिला सिविल बार के महामंत्री वीरेंद्र कुमार
दाढ़ी व डा. राजकुमार गुप्ता ने हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया।
रैली स्कूल
से शुरू होकर चकिया तिराहे पर गंजी प्रसाद की प्रतिमा तक होते हुए वापस
विद्यालय में आकर समाप्त हुई। रैली में शामिल बच्चे पृथ्वी करती हमें
दुलार, करो न इस पर अत्याचार, पर्यावरण जीवन का आधार, पर्यावरण जीवन का
सार, जल नहीं तो कल नहीं आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे।
इस अवसर पर
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल मौर्य ने कहा कि दिनोंदिन पर्यावरण प्रदूषण
बढ़ता जा रहा है। जिसकी वजह से लोग तमाम तरह की बीमारियों की चपेट में आ
रहे हैं। वहीं पर्यावरण प्रदूषण बढ़ने से प्राकृतिक असंतुलन की स्थिति पैदा
हो गई है और पेयजल व शुद्ध वायु की कमी हो रही है, जो जनजीवन के लिए
खतरनाक है। वहीं विशिष्ट अतिथि रमेश जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण पर
लोगों को गंभीरता से सोचना होगा।
इसके पूर्व अलीनगर के भगवती माता मंदिर
के प्रांगण में व शास्त्री पार्क में पौधरोपण किया गया। इस दौरान शिवपूजन,
धर्मेंद्र गुप्ता, प्रकाश मंडल, आकाश चौरसिया, विपिन अग्रहरी, रितेश, राहुल
आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता सत्यदेव गुप्ता व संचालन कृष्णमोहन गुप्ता ने
किया।
वहीं दूसरी तरफ यंग लायर्स सोसायटी के सदस्यों द्वारा नगर के
आरपीएफ कालोनी, ताप्ती कालोनी, काली महाल चौराहा व सुभाष पार्क में
वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष खालिद वकार ने कहा कि
बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण से प्राकृतिक असंतुलन पैदा हो गया है। इस भीषण
गर्मी में लोग पेड़ की छांव ढूंढते नजर आ रहे हैं, लेकिन वनों की हो रही
अंधाधुंध कटौती पर किसी का ध्यान नहीं है। इस अवसर पर प्रभाकर सिंह, रामू
गुप्ता, सद्दाम हुसैन, अरमान, रितेश, चंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
नियामताबादः क्षेत्र के पटनवां गांव में रैली निकाली गई।
रैली औद्योगिक
क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुन: गांव में आकर समाप्त हुई। इस अवसर पर ग्राम
प्रधान चंद्रभानु यादव ने कहा कि दिनोंदिन पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता जा रहा
है। जिसकी वजह से तमाम प्रकार की समस्याएं पैदा हो रही हैं। पिंटू, सोनू,
चिंटू, पिंकू आदि मौजूद रहे।
इसी तरह क्षेत्र के नाथूपुर गांव में
नियामताबाद के बीडीओ व ग्राम प्रधान ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया।
नियामताबाद विकासखंड अधिकारी विजयप्रकाश सिंह नाथूपुर गांव स्थित पूर्व
माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और वहां ग्राम प्रधान नौशाद अहमद सिद्दीकी के साथ
एक दर्जन फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया।
बीडीओ ने कहा कि आज पूरा
विश्व पर्यावरण दिवस मना रहा है। सभी लोगों को एक साथ मिलकर वृक्षारोपण
करना चाहिए। वहीं दूसरी तरफ ग्राम प्रधान नौशाद अहमद सिद्दीकी ने कहा कि
व्यक्ति अपने जीवन में एक पेड़ अवश्य लगाए। इस अवसर पर संतोष, इमरान, शंकर,
युनूस आदि लोग मौजूद रहे।