मोहनिया। थाना क्षेत्र के डिड़खिली टोल प्लाजा के समीप उत्पाद चेक पोस्ट पर सोमवार की रात्रि फल की पेटियों में छुपा के ले जाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप मद्य निषेध विभाग ने बरामद की। इस दौरान विभाग ने एक युवक को शराब तस्करी के आरोप में पकड़ा।
उत्पाद निरीक्षक गुंजेश कुमार ने बताया कि अंबिकापुर से सौरभ जायसवाल फलों की पेटी में लगभग 98 लीटर शराब छुपा कर ला रहा था, जिसे डिडखिली टोल प्लाजा के समीप जांच के दौरान पकड़ लिया गया। प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है,जिसके तहत लगातार वाहनों की जांच की जाती है। गिरफ्तार सौरभ जायसवाल ने पूछताछ में बताया कि यह माल डेहरी बस स्टैंड पास देने के लिए जा रहा था।