स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी पिंकू सिंह की पत्नी प्रतीक्षा (20) का शव रविवार की देर शाम घर में पंखे के कुंडी से दुपट्टे के फंदे में लटकता मिला। विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। कहा कि प्रताड़ना से आजिज आकर विवाहिता ने आत्महत्या की है। प्रतीक्षा का विवाह एक वर्ष पहले हुआ था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
बबुरी थाना अंतर्गत खुरुहुजा गांव निवासी आलोक सिंह की पुत्री प्रतीक्षा की शादी 2021 के मई माह में चकिया के रघुनाथपुर गांव निवासी पिंकू सिंह से हुई थी। आरोप है कि पुत्री प्रतीक्षा को देवर और सास लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इससे आजिज आकर पुत्री प्रतीक्षा रविवार की शाम पति और ससुर की गैरमौजूदगी कमरे में पंखे की कुंडी में दुपट्टा बांध कर मौत को गले लगा लिया। घटना के बाद देर शाम तक विवाहिता का कमरा नहीं खुला तो सास कमरे के पास पहुंची दरवाजा बंद होने परिजनों को चिल्लाने लगी। मौके पर दरवाजा खोलने के लिए परिजन चिल्लाते रहे लेकिन नहीं खोलने पर दरवाजा को तोड़ दिया गया। अंदर की दृश्य देखकर लोग आवाक को उठे। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा, तहसीलदार आलोक कुमार, कोतवाल राजेश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि मृतक विवाहिता के पिता आलोक सिंह की तहरीर पर देवर व सास के खिलाफ प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कर, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई।