पीडीडीयू नगर में निर्माण व इस्तेमाल की तिथि लिखे बिना बिकती मिठाईयां। संवाद
- फोटो : पीडब्ल्यडी एनएच
पीडीडीयू नगर। त्योहारों के दौरान मिलावटी और बासी मिठाइयों का खतरा बना हुआ है। खुली मिठाइयों की ट्रे पर उनके इस्तेमाल की अवधि लिखना अनिवार्य किए जाने के बावजूद ज्यादातर दुकानों पर इसका पालन नहीं हो रहा है। जिले में मिठाई की 150 से अधिक दुकानें हैं, लेकिन महज 50 से 60 दुकानदार ही मिठाइयों पर निर्माण की तारीख लिख रहे हैं। बाकी दुकानों पर नियम की अनदेखी कर मिठाइयां बेची जा रही हैं।
शासन के निर्देश के अनुसार, 15 अक्टूबर से दुकानदारों को खुली मिठाइयों की ट्रे या काउंटर पर उनके इस्तेमाल की अवधि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी थी।
इसका उद्देश्य ग्राहकों को बासी और पुरानी मिठाइयां खरीदने से बचाना और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। त्योहारों में मिठाइयों की मांग बढ़ने से दुकानों पर पहले से तैयार मिठाइयां भी रखी जाती हैं। ऐसे में तारीख और इस्तेमाल की अवधि की जानकारी मिलने से ग्राहक मिठाई की ताजगी के बारे में निर्णय ले सकते हैं।
निर्देश लागू होने के बावजूद जिले की मिठाई की दुकानों पर इसका शत-प्रतिशत पालन नहीं हो रहा है। करीब एक तिहाई दुकानों पर ही निर्माण की तारीख लिखी जा रही है। बाकी दुकानों पर मिठाइयां काउंटर पर सजी हैं, लेकिन उनके तैयार होने और इस्तेमाल की अंतिम अवधि का ब्योरा नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में ग्राहकों को दुकानदार की जानकारी पर भरोसा करके मिठाई खरीदनी पड़ रही है।