पीडीडीयू नगर। बिहार को जोड़ने वाली माल्दह नहर पर 98 लाख की लागत से नई पुलिया बन कर तैयार हो गई है। दो महीने में इससे आवागमन शुरू हो जाएगा। यह जर्जर हो चुकी पुरानी पुलिया के समानांतर बनी है। पीडब्ल्यूडी ने इसका निर्माण कराया है।
दो लेन वाली पुलिया की लंबाई करीब 20 मीटर है। पुलिया का निर्माण विगत अप्रैल माह में आरंभ किया गया था जिसे पूरा कर लिया गया है। हालांकि अभी पुलिया से आवागमन आरंभ नहीं हुआ है लेकिन विभाग का दावा है कि शीघ्र ही आवागमन आरंभ कर दिया जाएगा। पुलिया के बन जाने से क्षेत्र के 50 गांवों के साथ बिहार प्रांत के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। माल्दह में राइट कर्मनाशा नहर पर कई साल पहले पुलिया बनाई गई थी। वर्तमान में इस पुलिया की जहां रेलिंग टूटकर नहर में गिर चुकी है वहीं सड़क पर कई गड्ढे बन गए हैं। पुलिया के पिलर भी कमजोर हो गए हैं जबकि इससे होकर भारी वाहनों का भी आना-जाना होता है। क्षेत्र के लोगों ने नई पुलिया बनाने की मांग की थी जिसे देखते हुए शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने सर्वे कराया था। सर्वे के बाद विभाग ने करीब 98 लाख रुपये से नई पुलिया बनाने की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी थी। शासन से मंजूरी व धन मिलने के बाद नई पुलिया का निर्माण करा दिया गया है।
नई पुलिया पर साढ़े तीन-तीन मीटर के दो लेन बनाए गए हैं। इसके अलावा दोनों पटरियों पर ढ़ाई-ढ़ाई मीटर का पाथवे भी बनाया गया है। पुलिया जिले को बिहार के बहराइच बार्डर को जोड़ती है। नई पुलिया से आवागमन आरंभ होने के बाद पुरानी पुलिया को बंद कर दिया जाएगा।
कोट......
पुरानी पुलिया के जर्जर हो जाने के बाद उसके समानांतर नई पुलिया का निर्माण करा दिया गया है। अभी पुलिया के दोनों छोर पर संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं हा सका है। बरसात के बाद संपर्क मार्गों का निर्माण कर पुलिया को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
कृष्ण कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड, चंदौली।