लोगों में गुस्सा फूंका चीन के राष्ट्रपति का पुतला
नारेबाजी कर चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का लिया निर्णय
सचित्र- 16
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। लद्दाख सीमा स्थित गलवां घाटी में चीन व देश की सेना के बीच विवाद के बाद लोगों में चीन के प्रति उपजा आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद में देश के 20 जवान शहीद हुए हैं। चीन के सैनिकों द्वारा देश के सैनिकों के गई इस हरकत से आक्रोशित लोगों ने कई स्थानों पर चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
नगर के वीआईपी गेट स्थित काली मंदिर के सामने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंका। साथ ही चाइना में बने मोबाईल हैंडसेट भी तोड़े और स्वदेशी व देश में उत्पादित वस्तुओं का प्रयोग करने की शपथ ली। कहा कि चीन ने कायराना हरकत की है। देश की जनता इस समय अपनी सेना के साथ खड़ी है। पुतला फूंकने वालो में आशीष तिवारी, आकाश, शिवम शाह, रंजीत पटेल, अनूप पांडेय, हर्षित शर्मा, रोहित केशरी आदि शामिल थे।
दुलहीपुर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के मोहम्मदपुर स्थित पटेल उद्यान में लोगों ने चीनी राष्ट्रपति का पुतला दहन किया। साथ ही चीनी सैनिक होश में आओ नारा बुलंद किया। शपथ ली कि चीन में बनी वस्तुओं का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी चीन में बने खिलौने नहीं खरीदने की शपथ ली। अंत में उन्होंने कैंडल जलाकर देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राजेश पटेल, राधे पटेल, दुलारे यादव, प्रेमचंद्र श्रीवास्तव, उमेश पटेल, अनिल पटेल, विकास पटेल, रमेश गुप्ता, भगवानदास, शेखर, विष्णु पटेल मौजूद रहे।
इनसेट.............
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जवानों को दी श्रद्धांजलि
सकलडीहा। अखिल विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कस्बा के डा. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा के समीप चीन की सेना के साथ हुई झड़प में शहीद सेना के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही केंद्र सरकार व रक्षा मंत्रालय से चीन को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की। अंत में चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
लद्दाख की गलवां घाटी में सेना के जवानों के शहीद होने की घटना को लेकर विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर सेना के जवानों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजली अर्पित की। परिषद के जिला संयोजक विनय पांडेय ने कहा कि सेना जवानों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एबीवीपी कार्यकर्ता राष्ट्रहित में बार्डर पर पहुंचकर मुंहतोड़ जवाब देंगे। इस मौके पर जिला संगठन मंत्री विद्यासागर, कुंदन सिंह, विवेक जायसवाल, विकास राय, शैलेष मिश्रा, अवनीश पांडेय, रूद्र पाठक, आशीष मिश्रा, रमन सोनकर, सुनील चौरसिया, केके सोनी, सुनील गुप्ता, संतोष राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।