चकिया। स्थानीय कोतवाली से लगभग 200 मीटर की दूरी पर घटमापुर में स्कूल के पुराने भवन में किशोर का शव मिला। किशोर बुधवार को घर से किसी काम से निकला था। शव के पास इंजेक्शन और दवाएं पड़ी थीं।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 कबीर नगर स्थित कांशीराम आवास भूमिहीनों के निवास के लिए बना है। इसमें वार्ड नंबर-8 दुर्गा नगर निवासी जलसा के बेटे मनीष और सूरज रहते हैं। इनके साथ इनका भांजा रविशंकर उर्फ ऋषि (14) भी रहता था। रवि शंकर बुधवार की सुबह किसी काम से घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। इस बीच बृहस्पतिवार की शाम जिला संयुक्त चिकित्सालय के पीछे सरस्वती शिशु मंदिर के पुराने और जर्जर भवन की तरफ गए तो वहां किशोर का शव देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। रविशंकर उर्फ ऋषि के मामा मनीष और सूरज ने बताया कि रविशंकर की बहन गौतमी और पिता लालू मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना अंतर्गत बिक्सी गांव के निवासी हैं। बहन-बहनोई भी साथ में रहते थे लेकिन कुछ महीने से नाराज होकर वे घर चले गए थे। तब से ऋषि यहीं रह रहा था। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत के कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के धार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।