चहनिया। बलुआ पुलिस को पांच साल पहले दर्ज एक अपहरण के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त हुई। पुलिस को अपहृत किशोरी महाराष्ट्र के पुणे जिले में मिली। साथ ही अपहरण के आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव में वर्ष 2020 में एक युवक के खिलाफ किशोरी के अपहरण का मामला पुलिस ने दर्ज किया था। काफी समय तक सुराग न मिलने पर मामले की विवेचना को प्राथमिकता देते हुए सीओ सकलडीहा को सौंपा गया। इसके बाद पुलिस टीम गठित की गई और सुराग के आधार पर महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में दबिश दी गई। टीम को सफलता मिली और अपहृत किशोरी को सकुशल पकड़ लिया। साथ ही आरोपी आकाश राय उर्फ आकाश राजभर निवासी ग्राम भलेहटा, थाना बलुआ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर आरोपी को जेल भेज दिया। बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बलुआ थाने में दो अलग-अलग मामलों में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पहला मामला वर्ष 2020 है, जिसमें आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दूसरा मामला जिसमें आरोपी न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के बावजूद उपस्थित नहीं हो रहा था। जिस समय लड़की का अपहरण किया था, नाबालिग थी।