शहाबगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में रुपये का लालच देकर एक नाबालिग और एक युवक ने 13 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आठ अगस्त की दोपहर को हुई घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के अलावा नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, आठ अगस्त की दोपहर के समय दोनों आरोपी किशोरी को रुपये का लालच देकर टिनशेड में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान एक परिजन की निगाह पड़ने पर दोनों भाग गए। इसके बाद किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिवार के लोग थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जबकि नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया। थानाध्यक्ष कृपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है जबकि नाबालिग आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। किशोरी की सुरक्षा और उसकी गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए पुलिस कार्रवाई कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।