फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: पालिका परिसर में ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत

विज्ञापन
राजेश कुमार, फाइलफोटो
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। नगर पालिका परिसर स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान रविवार की दोपहर मड पंप ऑन करते समय एक मजदूर करंट की चपेट में आकर अचानक से बेहोश होकर गिर गया। साथ काम कर रहे मजदूर घटना के बाद घायल को राजकीय महिला चिकित्सालय ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। नगर पालिका की ओर से समय-समय पर ठेका प्रथा पर ओवरहेड टैंक की सफाई कराई जाती है। रविवार को ठेकेदार के माध्यम से नगर पालिका परिसर स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान अलीनगर थाना क्षेत्र के सदलपुरा गांव सभा अंतर्गत घोड़सार गांव निवासी राजेश कुमार (47) अपने साथियों के साथ टैंक की सफाई कर रहे थे। इस दौरान ओवरहेड टैंक में से पानी निकालने के लिए लगे मड पंप को चालू करने के लिए जैसे ही उन्होंने बटन को छूआ, तभी उन्हें तेज करंट लगा। इससे वे वहीं बेहोश होकर गिर गए। इस दौरान वहां साथ काम कर रहे मजदूर उन्हें आनन-फानन में राजकीय महिला चिकित्सालय ले गये। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही उनकी पत्नी चमेला देवी, पुत्र प्रिंस कुमार, रविकांत, पुत्री रितु मौके पर पहुंच गये। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि ओवरहेड टैंक साफ करने के दौरान करंट लगने से मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें