चंदौली जिले में अलीनगर की बड़ी नहर में किशोरी का शव मिला। वह तीन दिन पहले मठना गांव के पास नहर में कूद गई थी। उधर, रील बनाने से रोकने पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल चौकी अंतर्गत बड़ी नहर में बुधवार सुबह एक किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। कुछ घंटे बाद शव की पहचान बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा रोड निवासी खुशबू (15) के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार खुशबू रविवार को अपने गांव लेवा से मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित कौवासाथ गांव में अपने ननिहाल गई थी। सोमवार की अपराह्न करीब तीन बजे वह जमालपुर थाना क्षेत्र के मठना गांव के पास नहर में कूद गई थी। घटना के बाद जमालपुर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। तीन दिन बाद बुधवार सुबह उसका शव करीब 15 किलोमीटर दूर अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल के पास बड़ी नहर में उतराता मिला।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर रील बनाने की शौकीन थी। परिजन उसकी इस आदत का विरोध करते थे और उसे अक्सर इसके लिए डांटते थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद होता रहता था। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।