युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के प्रांगण में 77वां पीआरडी स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर परेड का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने सलामी ली। उन्होंने कहा कि देश स्वतंत्र होने के बाद 1948 में पीआरडी की स्थापना पुलिस बल का सहयोग और ग्राम स्तर पर शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए की गई थी। उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवक आज भी समर्पण के साथ अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। मुख्य अतिथि का स्वागत जिला युवा कल्याण एवं प्राविधिक दल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बुके, स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र भेंट कर किया।
परेड कमांडर राजन कुमार यादव, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी धानापुर के नेतृत्व में तीन टोलियों ने मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। प्रत्येक टोली में 22—22 स्वयंसेवक शामिल रहे। टोली नंबर-2 ने प्रथम स्थान हासिल किया। टोली नंबर-1 ने द्वितीय और टोली नंबर-3 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परेड में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त टोलियों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता कराई गई। इसमें भी सकलडीहा–चहनियां–धानापुर की टोली नंबर-2 विजेता रही, जबकि टोली नंबर-1 उपविजेता बनी। इस दाैरान जिला युवा कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, प्रमोद कुमार माैजूद रहे। संवाद