मालती राय को ज्ञापन सौंपते शिक्षक।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई ने शनिवार को डीआईओएस कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान शिक्षकों ने 19 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और पुरानी पेंशन बहाल कराने के लिए संघर्ष का निर्णय लिया। अंत में शिक्षकों ने 19 सूत्रीय मांग पत्र डीआईओएस डा. मालती राय को सौंपा।
इस अवसर पर रामकृपाल त्रिपाठी ने कहा कि हम सभी को पुरानी पेंशन बहाल कराने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। प्रदेश सरकार एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दें, जिससे शिक्षकों का भला हो सके। तदर्थ शिक्षकों का अविनियमितीकरण तत्काल किया जाए। माध्यमिक शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाए। एलटी स्नातक शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान दिया जाय। सीटी वेतन क्रम को एलटी वेतन क्रम में पदोन्नति देने के साथ ही शिक्षकों की विसंगति का निस्तारण किया जाए। जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि उपलब्धियों से सीख व प्रेरणा लेकर आगे भी संघर्ष को जारी रखना होगा। कहा कि माध्यमिक शिक्षकों को परीक्षा में ड्यूटी करने का पारिश्रमिक का भुगतान सीबीएससी बोर्ड के दर के अनुसार किया जाए। महिला शिक्षकों को चाइल्ड केयर अवकाश तथा मातृत्व अवकाश प्रदान किया जाए। इस अवसर पर राजेश त्रिपाठी, सत्यमूर्ति ओझा, रोहिणी पांडेय, रामसेवक सिंह, क्षमाशंकर चौबे, महताब अहमद, संजय सिंह,आशुतोष तिवारी, राजबली प्रसाद आदि रहे।