ऋण लेकर करें रोजगार, सरकार कर रही मदद
नियामताबाद। क्षेत्र के कठौड़ी गांव में शुक्रवार को खादी ग्रामोद्योग विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गिरिजा प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों क्षेत्र में युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत एक लाख रुपए से 50 लाख रुपए तक का ऋण दिया जा रहा है। इसमें 35 प्रतिशत छूट दी गई है। ऐसे में पात्र ऋण लेकर अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं।
बताया कि इसी तरह मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत दस लाख रुपए तक का ऋण, सामान्य जाति को 4 प्रतिशत ब्याज पर और सामान्य महिला, पिछड़ी, अनुसूचित जाति लाभार्थी को सरकार पांच वर्ष तक ब्याज मुक्त ऋण स्वरोजगार के लिए दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना में कुम्हार समाज को ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुम्हार को निःशुल्क चाक वितरण, दोना बत्तल बनाने की मशीन, पापकार्न की मशीन भी प्रशिक्षण के बाद दिया जा रहा है।
इस मौके पर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, ग्रामप्रधान पति कमलेश बिन्द, वरिष्ठ सहायक दीपनारायण सिंह, रामाश्रय पाल आदि मौजूद रहे।