पीडीडीयू नगर (चंदाैली)। रेलवे की विभागीय प्रमोशन परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक मामले में 26 अधिकारियों-कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम डीआरएम ऑफिस पहुंची। तड़के पहुंची टीम ने पहले तल पर एक कमरे को अपना कैंप ऑफिस बनाया है। टीम यहां एक सप्ताह रुकेगी। पहले दिन दो-तीन कर्मचारियों को बुलाकर पूछताछ की गई।
पीडीडीयू मंडल में प्रमोशन के मामले भ्रष्टाचार के आरोप में सीबीआई रेल मंडल के दो बड़े अधिकारियों समेत 26 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। सीबीआई ने कई दस्तावेज भी जब्त कर चुकी है। अब सीबीआई रेलवे में भ्रष्टाचार की गहरी हो चुकी जड़ों को खंगालने के लिए जांच में जुट गई है। शुक्रवार सुबह सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के ठीक सामने कंस्ट्रक्शन गेस्ट हाउस पहुंची। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के ठीक बगल में एक कमरा खाली कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, कमरे की साफ-सफाई के बाद यहां फोटो स्टेट मशीन लगाई गई। पहले दिन दो-तीन कर्मचारियों को बुलाकर पूछताछ की गई। अब शनिवार को कर्मचारियों के ट्रांसफर, पोस्टिंग व नियुक्ति की फाइलों की जांच पड़ताल होगी। आवश्यकता पड़ने पर फोटो स्टेट कराकर अपनी फाइल सीबीआई मजबूत करेगी। साथ ही, कुछ संदिग्ध लोगों को नोटिस भी जारी किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को यहां इसलिए आना पड़ा कि लखनऊ में बैठकर उसे मंडल की सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। ईमेल में सही कागजात भी नहीं दिए जा रहे थे।