पीडीडीयू नगर। प्रधानमंत्री के निरंतर सेवाकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प से विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कार्यक्रम निर्धारित समय में कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता तथा कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के बीच इसी विषय पर ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके अलावा कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी होगी। विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के बीच ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। एक अक्तूबर को ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता पांच अक्तूबर को विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय, चंदासी में में होगी। बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
इनसेट
वीडियो पोर्टल पर होंगे अपलोड
विद्यालयों को कार्यक्रमों को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से कराने के साथ संबंधित गतिविधियों के गुणवत्तापूर्ण फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों को ब्लॉक और जनपद स्तर पर पुरस्कृत करने की व्यवस्था की गई है।