पीडीडीयू नगर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों का यू-डायस प्लस पोर्टल पर डाटा अपडेट करने में लापरवाही सामने आई है। यूपी बोर्ड में पंजीकृत विद्यार्थियों और यू-डायस प्लस पर दर्ज छात्रों की संख्या में 14,005 का अंतर है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार यूपी बोर्ड में 78,306 विद्यार्थियों का पंजीकरण है, जबकि यू-डायस प्लस पर 64,301 विद्यार्थियों की ही एंट्री हुई है।
जिले के राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में 2,848 तथा वित्तविहीन विद्यालयों में 11,157 विद्यार्थियों की एंट्री में अंतर है। वहीं, विभागीय समीक्षा में 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों का डाटा अपडेट नहीं होने की स्थिति भी सामने आई है। यूपी बोर्ड में पंजीकरण के बावजूद यू-डायस प्लस पर विवरण दर्ज नहीं होने से ऐसे विद्यार्थियों की स्थिति पोर्टल पर सही ढंग से प्रदर्शित नहीं हो पा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने सभी प्रधानाचार्यों को बुधवार तक डाटा पूरा करने के निर्देश दिए थे। विद्यालयों को संबंधित फार्म और एसआर पंजिका के साथ बीआरसी पर अभिलेख जमा कराने तथा पेन जनरेट कर यू-डायस प्लस पर एंट्री पूरी करने को कहा गया था। समय सीमा बीतने के बाद भी 14 हजार विद्यार्थियों का डाटा अपडेट नहीं हो सका है। अब विभाग विद्यालयवार आंकड़ों का मिलान कराकर शत-प्रतिशत एंट्री पूरी कराने में जुटा है।
बोर्ड पर नाम, यू-डायस पर नहीं
माध्यमिक विद्यालयों में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनका यूपी बोर्ड पर पंजीकरण हो चुका है, लेकिन उनका विवरण यू-डायस प्लस पर अपडेट नहीं किया गया है। इसी वजह से वास्तविक नामांकन और पोर्टल पर दर्ज विद्यार्थियों की संख्या में अंतर बना हुआ है।
कोट-
-सभी प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों का डाटा जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी बोर्ड और यू-डायस प्लस के आंकड़ों का मिलान कराकर छूटे हुए विद्यार्थियों की एंट्री कराई जा रही है। लापरवाही पर संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। -धर्मेंद्र कुमार, डीआईओएस