क्षेत्र के चिरईगांव स्थित प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग को लेकर नाराज छात्रों और अभिभावकों ने शनिवार को विद्यालय के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि शीघ्र विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण नहीं कराया गया तो विद्यालय में पठन-पाठन बंद करा दिया जाएगा।
विद्यालय में चहारदीवारी का निर्माण नहीं कराया गया है। विद्यालय सड़क किनारे होने के चलते हमेशा वाहनों को आवागमन लगा रहता है। इससे बच्चों को हादसे की चपेट में आने का भय हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने कई बार ब्लाक संसाधन केंद्र और बीएसए कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर चहारदीवारी के निर्माण की मांग की थी लेकिन आज तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।
इससे शनिवार को विद्यालय में जन्मदिन मनाने पहुंचे अभिभावकों और छात्रों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कहा कि 2011 में विद्यालय का निर्माण हुआ था लेकिन अब तक इसकी चहारदीवारी नहीं बनावाई गई। प्रदर्शन करने वालों में ढोलन प्रसाद, जितेंद्र सिंह, समवंती देवी, राजकुमारी, गुड्डी देवी, राजवंश, जवाहरलाल, बृजेश यादव, नन्हे यादव, साबिद, इदरिश अंसारी आदि शामिल रहे। प्रधानाध्यापक अक्षय कुमार का कहना है कि विद्यालय की चहारदीवारी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बरहनी केके सिंह को प्रार्थना पत्र दिया गया है। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।