स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज द्वारा महात्मा गांधी काशी
विद्यापीठ को डीसीएफ डेटा उपलब्ध नहीं कराये जाने से महाविद्यालय के
छात्रों को परीक्षा फार्म भरने में दिक्कत हो रही है।
इससे नाराज
होकर छात्रों ने सोमवार को दोपहर में डेढ़ बजे कालेज गेट के सामने कालेज
प्रशासन का पुतला फूंका। इस दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के
भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो छात्र अनशन प्रदर्शन करेंगे।
स्थानीय
लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज की लापरवाही से छात्र-छात्राओं को
परीक्षा फॉर्म भरने में दिक्कत पेश आ रही है। दरअसल इन दिनों बीए प्रथम ,
द्वितीय और तृतीय वर्ष के परीक्षा फॉर्म भरे जा रहे हैं।
लेकिन तीन दिन से
छात्र फॉर्म भरने से वंचित रह जा रहे हैं । अपना भविष्य अधर में लटकता देख
सोमवार की दोपहर में छात्रों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने कॉलेज
प्रशासन का पुतला फूंका।
इस दौरान छात्रसंघ उपाध्यक्ष क्षितिश कुमार ने
कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा महाविद्यालय को कॉलेज कोड 205 आवंटित किया गया
है । कॉलेज ने डीसीएफ डेटा विद्यापीठ को उपलब्ध नहीं कराया है। जिससे
विगत तीन दिनों से कोई भी छात्र या छात्रा अपना परीक्षा फॉर्म
विश्वविद्यालय की वेबसाइट के जरिये नहीं भर पा रहे हैं।
सबसे ज्यादा
परेशानी दूरदराज से आने वाले छात्रों को हो रही है। यदि यही हाल रहा तो कई
लोग परीक्षा से वंचित रह जायेंगे । कहा की यदि परीक्षा फॉर्म भरे जाने की
समस्या को दो दिन के भीतर ठीक नहीं किया जाता है तो छात्र आमरण अनशन पर
बैठने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान भानु यादव, धीरज यादव, जीतेन्द्र
यादव, विक्की यादव, विकास जायसवाल, सद्दाम आदि छात्र मौजूद रहे । वही
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ पुष्पा सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय
द्वारा जो डेटा माँगा गया है, उसे 15 जनवरी तक जमा करा दिया जायेगा। इसके
बाद से छात्र - छात्राएं अपना परीक्षा फॉर्म आसानी से भर सकेंगे।