सकलडीहा। स्थानीय पीजी कालेज में छात्र व छात्रनेता लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं कालेज प्रशासन जिला प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद चुनाव कराने की बात कह रहा है। बुधवार को एक बार फिर छात्र नेताओं ने महाविद्यालय प्रशासन से छात्र हित में चुनाव कराने की मांग की। साथ ही अन्य कालेजों में हो रहे चुनावों का हवाला भी दिया।
छात्र नेताओं ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन चुनाव न कराकर विगत दो वर्षों से छात्रों के साथ अन्याय कर रहा है। वहीं अन्य कई कालेजो में चुनाव हो चुके हैं या चुनाव कराए जा रहे हैं। बावजूद इसके महाविद्यालय प्रशासन चुनाव कराने में आनाकानी कर रहा है। छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस मांग को लेकर धरना प्रदर्शन सहित आमरण अनशन तक किया जा चुका हैं। आमरण अनशन के दौरान कालेज प्रशासन ने अन्य महाविद्यालय में चुनाव होने की दशा में यहाँ भी चुनाव कराने का वादा किया था लेकिन अन्य कई कालेजो में चुनाव हो चुके है और हो भी रहे हैं। बावजूद इसके यहां चुनाव नहीं कराया जा रहा हैं। छात्रों ने चेताया कि जल्द चुनाव की तिथि नहीं घोषित की गयी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वही प्रभारी प्राचार्य डॉ. दयानिधि सिंह यादव व चुनाव अधिकारी शमीम राइन ने कहा कि बृहस्पतिवार को प्राचार्य संग बैठक कर जिला प्रशासन को चुनाव कराने की तिथि भेजी जाएगी। सहमति मिलते ही चुनाव कराया जाएगा। छात्र नेताओं में राहुल राजभर, अजय कुमार गुप्ता, प्रियांशु सिंह, आलोक चौरसिया, मोहित पाठक, बाबा ठाकुर रहे।