पीडीडीयू नगर। लॉकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फंसे श्रमिकों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के आने का सिलसिला जारी है। सोमवार को भी स्थानीय रेलवे स्टेशन से 14 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें गुजरी। इन ट्रेनों से बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों के हजारों श्रमिक अपने घर पहुंचे। हालांकि इन स्पेशल ट्रेनों से किसी को यहां उतरना नहीं था। बावजूद इसके स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे।
कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से देश मे लागू लॉकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फंसे श्रमिकों को घर वापसी के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। सोमवार को हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब से श्रमिकों को लेकर 14 ट्रेनें स्थानीय स्टेशन पर पहुंची। इन ट्रेनों में बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों के यात्री रहे। ट्रेनों के पहुंचने पर स्थानीय स्टेशन पर किसी यात्री को उतरने नहीं दिया गया। ट्रेनों के रुकते ही आरपीएफ, जीआरपी ने सुरक्षा घेरा बना लिया। ट्रेनों में सिर्फ पानी भरा गया और साफ सफाई की गई। चालक और गार्ड बदले गए। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेनें गंतव्य की ओर रवाना हो गई। इसके पूर्व वाणिज्य विभाग के सहयोग से आईआरसीटीसी ने यात्रियों को पानी के बोतल और फूड्स पैकेट वितरित किए। स्टेशन पर ट्रेनों के इंजन के चालक रूम, गार्ड बोगी आदि को सैनिटाइज किया गया।