चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के तियरा गांव के पास मंगलवार सुबह अवैध गोवंश तस्करी कर रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे में एक तस्कर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बोलेरो पिकअप तेज रफ्तार से आ रही थी। मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे गाड़ी सीधे नहर में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही शहाबगंज थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नहर में पलटी बोलेरो को बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। वाहन में फंसे कई गोवंश भी मर गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक तस्कर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। फरार तस्कर की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।