मां अमरा भागवती देवी मंदिर से नर्वदापुर मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया। संवाद
पीडीडीयू नगर। नौगढ़ विकास खंड में मां अमरा भगवती देवी मंदिर से नर्वदापुर के बीच 98.28 लाख रुपये से पुलिया का निर्माण कराने के साथ सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड ने कार्ययोजना बनाकर शासन को भेज दी है। पुलिया और मार्ग बनने से आधा दर्जन गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी सहूलियत होगी।
नौगढ़ क्षेत्र में स्थित मां अमरा भगवती देवी का मंदिर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां चंदौली के अलावा बिहार, सोनभद्र और मिर्जापुर से भी श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। नर्वदापुर होकर मंदिर जाने वाली सड़क पांच वर्षों से क्षतिग्रस्त है। कोलतार उखड़ने के कारण गिट्टियां बिखर रही हैं। वहीं, नाले पर बनी पुलिया की रेलिंग टूटकर गिर गई है और रैंप पर गड्ढे हो गए हैं।
इस मार्ग से नर्वदापुर, देउरा, जयमोहनी, मझगाई, मझगांवा समेत छह गांव के लोग आते-जाते हैं। सड़क बदहाल होने और पुलिया जर्जर होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में राहगीर हादसों का शिकार होते हैं। इसको देखते हुए पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 98.28 लाख रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है।
कोट....
लंबे समय से ग्रामीण मां अमरा भगवती देवी मंदिर से नर्वदापुर के बीच क्षतिग्रस्त पुलिया और संपर्क मार्ग के मरम्मत की मांग कर रहे थे। इसलिए नई पुलिया बनाने और सड़क की मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई है। - कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड, चंदौली।