अभियान के तहत चंदौली में स्कूली वाहन की जांच करते एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। जिले में बृहस्पतिवार को स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच अभियान चलाया गया। एसडीएम सदर विजय त्रिवेदी और एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
इसमें छह वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिनका चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। टीम ने जिले के सेंट जॉन्स, स्वामी परमहंस और विवेकानंद स्कूल में संचालित स्कूली वाहनों की जांच की।
इस दौरान वाहनों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा और इमरजेंसी विंडो जैसी सुरक्षा सुविधाओं की जांच की गई। एकीकृत विद्यालयी वाहन अनुश्रवण पोर्टल के अनुसार कई वाहनों की फिटनेस वैधता समाप्त पाई गई।
इनमें एंबीशन स्कूल के तीन, गुरुकुलम स्कूल (नियमाताबाद) के छह और राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल, बबुरी के तीन वाहन शामिल हैं।
परिवहन विभाग ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्देश दिया कि रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और बीमा जैसे वैध दस्तावेज होने पर ही वाहनों का संचालन करें। एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने कहा कि स्कूल प्रबंधन अपने वाहनों की मरम्मत कराकर फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करें। इसका अनुपालन न करने पर पंजीयन निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।