चंदौली। साहब, पिता की मृत्यु के बाद प्रमाणपत्र के लिए सात महीने से ब्लाॅक का चक्कर काट रहा हूं। अभी तक प्रमाणपत्र नहीं मिल पाया। यह शिकायत शनिवार को पीडीडीयू नगर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में हिलौनी गांव के फरियादी सुरेंद्र ने की। इस पर डीएम ने एडीओ पंचायत को फटकार लगाते हुए दो दिन में प्रमाणपत्र जारी करने का निर्देश दिया। सभी तहसीलों में कुल 237 शिकायतें आई, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी आदित्य लांग्हे ने यहां जनता की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर राजस्व और पुलिस समेत विभिन्न विभागों से जुड़ीं 115 शिकायतें आईं, जिनमें से चार का मौके पर समाधान किया गया।
नौगढ़ तहसील में सीडीओ एसएन श्रीवास्तव ने शिकायतें सुनीं। यहां 31 प्रार्थनापत्र आए, जिसमें से चार का निस्तारण हो पाया। इस दौरान पर एसडीएम कुंदनराज कपूर और कृष्णमुरारी शर्मा भी मौजूद थे। चकिया तहसील में एसडीएम दिव्या ओझा ने जनसुनवाई की। यहां 39 शिकायतें आईं, जिनमें से तीन का समाधान मौके पर हो पाया।
सकलडीहा तहसील में एसडीएम अनुपम मिश्र ने जन सुनवाई की। यहां 52 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। धरहरा मड़ई गांव में बंजर जमीन पर खेती करने की शिकायत मिलने पर एसडीएम ने लेखपाल अफसर खां को मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि धरहरा मड़ई गांव में 25 बिस्वा जमीन पर कब्जा कर एक व्यक्ति खेती कर रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कराई गई तो आरोप सही पाया गाया। लेखपाल को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए गया है।