वाराणसी में प्रधानमंत्री दौरे को लेकर सोमवार को सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। ट्रैफिक प्रभावित न हो इसलिए यातायात विभाग ने नगर के चंदासी स्थित कोलमंडी में ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। जिसके चलते मंडी में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि कोल डिपो के भीतर मजदूर ट्रकों में कोयला लोडिंग का कार्य करते रहे।
सामान्य दिनों में मंडी में ट्रकों के आवागमन के चलते दिनभर जाम की स्थिति बनीं रहती थी। ट्रकों के चलते दिनभर धूल भी उड़ती रहती थी। इससेे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सोमवार को प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे को देखते हुए सोमवार सुबह से मंडी में ट्रको के प्रवेश को लेकर रोक लगा दी गई थी। जिसे देखते हुए रविवार की रात ही ट्रक मंडी में पहुंच गये। सोमवार की सुबह से ट्रकों पर लोडिंग का कार्य शुुरू हो गया। हालांकि जीटी रोड पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा । इस संबंध में कोलमंडी के अध्यक्ष धर्मराज यादव ने कहा कि मंडी में रात में ट्रकें आ गई थी। डिपो में कोयला लोडिंग का कार्य दिनभर होता रहा है। किसी भी प्रकार की व्यापारिक कार्य में कोई बाधा नहीं पहुंची है।