पड़ाव से गोधना मोड़ तक चल रहे सिक्स लेन के निर्माण को लेकर जीटी रोड के किनारे दुकानों व मकानों में पीडब्ल्यूडी की ओर से चिह्नीकरण का कार्य चल रहा है। इससे स्थानीय और दुलहीपुर बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। इस संबंध में स्थानीय बाजार के प्रभावित दुकानदारों ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी एक्सईएन से मुलाकात कर पत्रक सौंपा।
जिले के पीडीडीयू नगर में दो वर्ष से पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक करीब 15 किलोमीटर सिक्स लेन बनाई जा रही है। इसकी जद में दो प्रमुख बाजार भी पड़ रहे हैं जहां जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। कुछ स्थानों पर तो लोगों के निजी निर्माण हैं लेकिन अधिकांश लोगों ने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर ही दुकान व मकान आदि बनवा लिए हैं।
विज्ञापन
सिक्स लेन की जद में आ रहे स्थानीय बाजार के प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि प्रारंभ में जीटी रोड केवल दक्षिणी पटरी पर ही था। कालांतर में उसे उत्तरी पटरी तक बढ़ाकर बीच में डिवाइडर बना दिया गया। इअ जब सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन की नाप की जा रही है तो डिवाइडर को मानक मान लिया गया है जो सर्वथा अनुचित है।
उनकी मांग है कि पुराने जीटी रोड यानि दक्षिणी पटरी को मानक मान के उसके बीच से नाप कराई जाए। वहीं इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि सिक्स लेन के लिए मानक के अनुसार ही पीडब्ल्यूडी व निजी जमीन पर बने दुकानों व भवनों के मालिकों को नोटिस जारी की गई है।
पूर्व में तैयार मानक के अनुसार ही नगर में फोर लेन बनाया जाएगा। वैसे व्यापारियों की मांग को विभाग के उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है। पत्रक सौंपने वालों में राहुल जायसवाल, मनोज आर्य, विजेंद्र जायसवाल, विनोद जायसवाल, सतीश, अभिषेक, रत्नेश, मो. मोहसिन, इरशाद अहमद, डॉ. वैद्यनाथ, प्रिंस कपूर आदि रहे।