सदर कचहरी परिसर में शनिवार की दोपहर तेज हवा के झोकों से सिविल बार सभागार के समीप अधिवक्ताओं के लिए लगाया गया टीन शेड धराशाई हो गया। इस दौरान वहां मौजूद आधा दर्जन अधिवक्ता चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने घायल साथियों का निजी अस्पताल में उपचार कराया। इसके बाद बैठक कर स्थायी शेड निर्माण के लिए डीएम से वार्ता करने का निर्णय दिया।
शनिवार को सुबह से ही तेज हवा चल रही थी। बुद्ध पूर्णिमा के कारण सरकारी छुट्टी थी। इस वजह से कचहरी परिसर में आम दिनों की अपेक्षा काफी कम भीड़ थी। दोपहर के वक्त कुछ अधिवक्ता टीनशेड के नीचे बैठे हुए थे, तभी अचानक तेज हवा के झोंको के साथ टीनशेड बांस, बल्ली को तोड़ते हुए जमीन पर आ गिरा। अचानक हुई इस दुर्घटना में दिनेश कुमार राय, रमेश सिंह, सुनीता चौधरी, त्रिविक्रम सिंह, उधम सिंह व विपुल सिंह घायल हो गए। घायल साथियों को अधिवक्ताओं ने स्थानीय निजी अस्पताल में ले जाकर उपचार कराया। इसके बाद सिविल व डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार की संयुक्त बैठक में अधिवक्ताओं ने डीएम से मिलकर तहसील परिसर में स्थायी टीनशेड के निर्माण के साथ ही अन्य समस्याएं दूर करने का निर्णय लिया। कहा कि यदि जिला प्रशासन एक सप्ताह के अंदर टीनशेड निर्माण सहित अन्य समस्याओं को हल नहीं करता है तो अधिवक्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर निशांत अख्तर, झनमेजय सिंह, नन्दकुमार सिंह, हिटलर सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, अभिमन्यु मिश्रा आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता रणधीर सिंह व संचालन श्रीप्रकाश सिंह ने किया।