बिजली विभाग के तमाम प्रयास के बाद भी जर्जर खंभों पर तार दौड़ाकर आपूर्ति की जा रही है। इन जर्जर खंभों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर के कई क्षेत्र में जर्जर खंभों के सहारे की जा रही बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से जर्जर हो चुके खंभों को शीघ्र बदलवाने की मांग की है।
नगर के कई वार्डों में वर्षों पूर्व लगे लोहे के जर्जर खंभों से बिजली आपूर्ति की जा रही है। इन खंभों से होकर गुजरे बिजली के तार अक्सर शार्ट सर्किट के कारण टूटकर गिरते रहते हैं। पिछले दिनों चंदौली में ऐसा ही लोहे का जर्जर खंभा टूटकर एक मकान पर गिर पड़ा था। गनीमत रही कि खंभे के गिरने से कोई दुर्घटना नहीं घटी। नगर के हनुमानपुर, काली महाल, कसाब महाल, पटेल नगर सहित कई वार्डों में जर्जर खंभे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। हनुमानपुर की दलित बस्ती में तो एक खंभा इतना जर्जर हो चुका है कि वह कभी भी गिर सकता है। इससे लोगों में भय बना हुआ है। बस्ती के लोगों का कहना है कि खंभे को बदलने के लिए कई बार वार्ड सभासद व विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। विद्युत वितरण खंड-2 के एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह का कहना है कि जर्जर हो चुके खंभों को बदलने व उनकी मरम्मत का कार्य लगातार चल रहा है। हनुमानपुर दलित बस्ती के जर्जर खंभे की जानकारी नहीं थी। शीघ्र ही खंभे को या तो बदल दिया जाएगा।