ट्रेनों की रफ्तार धीमी करने के साथ ही कोहरा अब उनकी गति पर विराम भी लगाना शुरू कर दिया है। कोहरे से उत्तर भारत से चलने वाली ट्रेनों के विलंब की स्थिति इतनी जबरदस्त हो गई है कि उन्हें रूटीन पर लाने के लिए रेलवे को ट्रेनों को निरस्त करना पड़ रहा है। शनिवार को आरंभिक स्टेशनों से चलने वाली सात ट्रेनें रेलवे बोर्ड के निर्देश पर निरस्त कर दी गईं, जिससे तीन ट्रेनें शनिवार को मुगलसराय नहीं पहुंची वहीं तीन ट्रेनें रविवार को तथा एक ट्रेन ब्रह्मपुत्र मेल सोमवार को मुगलसराय पहुंचकर गंतव्य को नहीं जाएगी। डीआरएम किशोर कुमार ने बताया कि मौसम ट्रेनों के परिचालन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। पचास से अधिक ट्रेनें तीन से पौने पंद्रह घंटे तक विलंबित होकर रविवार को मुगलसराय पहुंचकर गंतव्य को रवाना होंगी।
ट्रेनों की रफ्तार पर कोहरा भारी पड़ने लगा है। इसके चलते अप पंजाब मेल, दून एक्सप्रेस, जोधपुर एक्सप्रेस, मुंबई मेल, विक्रमशिला एक्सप्रेस समेत दो दर्जन से अधिक ट्रेनों दो से 10 घंटे तक विलंबित होकर गंतव्य को रवाना हुईं। इसी प्रकार डाउन हावड़ा दूरंतो एक्सप्रेस 10 घंटे, हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस सात घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस पौने ग्यारह घंटे, जोधपुर एक्सप्रेस नौ घंटे, डाउन पटना राजधानी एक्सप्रेस पौने 15 घंटे, कालका मेल आठ घंटे, सियालदह राजधानी एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे, डाउन महाबोधि एक्सप्रेस साढ़े 11 घंटे, अप रांची राजधानी एक्सप्रेस ढाई घंटे विलंबित होकर रविवार को मुगलसराय पहुंचेंगी। गरीबरथ एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, मगध एक्सप्रेस छह घंटे समेत पचास ट्रेनें रविवार को दो से 14 घंटे तक विलंबित होकर मुगलसराय पहुंचकर गंतव्य को रवाना होंगी।