चकिया। वन विभाग के वाहन को क्षतिग्रस्त कर कर्मियों पर हमला करने की घटना में पुलिस ने लालपुर गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि सहित सात नामजद व तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध रविवार को मुकदमा दर्ज कर कर्रवाई में जुट गई।
कोतवाली पुलिस ने लालपुर प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार बिंद उर्फ सोनू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। नामजद अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। सपही उत्तरी बीट में शनिवार को गिरे सागौन की लकड़ी को लालपुर गांव के कुछ लोग जबरन घर ले जा रहे थे। वन विभाग के कर्मियों ने विरोध किया तो आरोप हैकि लालपुर प्रधान प्रतिनिधि के ललकारने पर जबरन लकड़ी ले जा रहे लोगों ने हमला बोल दिया। हमले में वन विभाग का वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही दो वनकर्मी घायल हो गए।
घटना को लेकर वन विभाग की उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वनरक्षक हरिकिशन ने कोतवाली पुलिस को हमलावरों के विरुद्ध तहरीर दी थी। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने व वन कर्मियों पर हमला करने की घटना को गंभीरता से लिया गया।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जांच कर मुकदमा दर्ज करते हुए प्रधान प्रतिनिधि को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य नामजद लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। हमले में शामिल तीन अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है।