नियामताबाद। पीडीडीयू नगर–चकिया मार्ग पर हो रहे चौड़ीकरण कार्य में अनियमितता सामने आने के बाद सिंचाई विभाग ने रविवार की शाम निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। पांडेयपुर के समीप गढ़ई नदी को मिट्टी डालकर पाट दिए जाने से बारिश के दौरान जलभराव और किसानों की फसल खराब होने की शिकायतें बढ़ गई थीं। रविवार को सोन क्षेत्र के मुख्य अभियंता सिद्धार्थ सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति देख पीडब्ल्यूडी विभाग को तत्काल निर्माण कार्य बंद करने का आदेश दिया।
पीडीडीयू नगर से लेवा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था ने पांडेयपुर के समीप लगभग डेढ़ किलोमीटर तक पुरानी गढ़ई नदी में मिट्टी डालकर रास्ता बना दिया, जिससे जलनिकासी का मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। हाल में हुई लगातार बारिश के दौरान नदी का पानी खेतों में भर गया, जिससे किसानों की सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद हो गई।
स्थानीय किसान जब मुख्य अभियंता सिद्धार्थ सिंह के सामने पहुंचे तो उन्होंने अपनी समस्याएं रखीं और मुआवजे की मांग की। किसानों का कहना था कि नदी को पाटने से पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया और फसल पूरी तरह चौपट हो गई है।
स्थिति देखकर मुख्य अभियंता सिद्धार्थ सिंह कड़े रुख में नजर आए। उन्होंने कहा कि, लोक निर्माण विभाग ने बिना जलनिकासी की समुचित व्यवस्था किए सड़क का निर्माण शुरू कर दिया, जिससे जल प्रवाह बाधित हुआ है।उन्होंने बताया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग पहले ही तीन बार पीडब्ल्यूडी को पत्र भेज चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक पुरानी गढ़ई नदी को चौड़ा कर जल निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक सड़क निर्माण कार्य बंद रहेगा।इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह भी पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से मांग की कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई कर किसानों को फसल का उचित मुआवजा दिया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक नदी की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था पूरी नहीं होती, वे पांडेयपुर के समीप किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।